Friday, April 19, 2024
Advertisement

जानें, जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने क्यों कहा- हमारे देश की संस्कृति से जुड़ा है इस्लाम

मर्केल ने कहा कि जर्मनी के 40 लाख मुसलमान इस देश से ताल्लुक रखते हैं...

IndiaTV Hindi Desk Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published on: March 17, 2018 13:59 IST
Angela Merkel | AP photo- India TV Hindi
Angela Merkel | AP photo

बर्लिन: जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने देश के आंतरिक मामलों के मंत्री की उस टिप्पणी को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस्लाम का जर्मनी से कोई संबंध नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जर्मनी के दौरे पर आए स्वीडन के प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के साथ शुक्रवार को एक जॉइंट प्रेस मीट में मर्केल ने कहा कि इस्लाम देश की संस्कृति और इतिहास का वैसे ही हिस्सा है, जैसे ईसाई और यहूदी धर्म। मर्केल ने कहा कि जर्मनी के 40 लाख मुसलमान इस देश से ताल्लुक रखते हैं।

जर्मन चांसलर ने कहा, ‘हमारा देश बड़े पैमाने पर ईसाई धर्म से प्रभावित रहा है और यह अभी भी जारी है। लेकिन अभी जर्मनी में 40 लाख मुसलमान रहते हैं, वे यहां अपने धर्म का पालन कर रहे हैं। वे जर्मनी से ताल्लुक रखते हैं और उनका धर्म इस्लाम भी जर्मनी से ताल्लुक रखता है।’ आपको बता दें कि जर्मनी के अधिकांश मुसलमान तुर्की के उन कामगारों के वंशज हैं जिन्हें 1960 और 1970 के दशक में इस यूरोपिय देश में आमंत्रित किया गया था।

इससे पहले जर्मनी के नए आंतरिक मामलों के मंत्री होर्स्ट सीहोफर ने शुक्रवार को जर्मनी के दैनिक समाचार पत्र 'दैस बिल्ड' को देश की संस्कृति और परंपरा पर जोर देते हुए बताया था कि इस्लाम का जर्मनी से संबंध नहीं है। उन्होंने कहा था, ‘इस्लाम का जर्मनी से संबंध नहीं है। जर्मनी की विशेषता ईसाई धर्म है। इन्हीं पहलुओं के चलते जर्मनी में दुकानें रविवार को बंद रहती हैं, चर्च की छुट्टियां होती हैं और ईस्टर एवं क्रिसमस जैसे पर्व मनाए जाते हैं।’ हालांकि उन्होंने यह भी कहा था जर्मनी में रहने वाले मुसलमान निश्चित तौर पर इसी देश से संबंध रखते हैं।

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Asia News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement