Thursday, March 28, 2024
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. FY-17 में राष्‍ट्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से मिला 711 करोड़ रुपए का चं‍दा, भाजपा को मिले 532 करोड़

FY-17 में राष्‍ट्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से मिला 711 करोड़ रुपए का चं‍दा, भाजपा को मिले 532 करोड़

वित्‍त वर्ष 2016-17 में देश के 7 राष्ट्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से 710.80 करोड़ रुपए का चंदा मिला है। वहीं इस दौरान पार्टियों द्वारा घोषित चंदा (20,000 रुपए से अधिक राशि में) 589.38 करोड़ रुपए रहा।

India TV Paisa Desk Edited by: India TV Paisa Desk
Updated on: May 30, 2018 20:43 IST
donation- India TV Paisa
Photo:DONATION

donation

नई दिल्‍ली। वित्‍त वर्ष 2016-17 में देश के 7 राष्ट्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से 710.80 करोड़ रुपए का चंदा मिला है। वहीं इस दौरान पार्टियों द्वारा घोषित चंदा (20,000 रुपए से अधिक राशि में) 589.38 करोड़ रुपए रहा। इसमें से 532.27 करोड़ रुपए का घोषित चंदा अकेले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिला है। उसे यह चंदा 1,194 इकाइयों से प्राप्त हुआ। 

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में कहा गया है कि भाजपा द्वारा घोषित चंदा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), भाकपा, माकपा, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) को कुल मिलाकर प्राप्त चंदे से नौ गुना अधिक है। राष्ट्रीय दलों ने उन्हें प्राप्त 20,000 रुपए से अधिक राशि वाले 589.38 करोड़ रुपए के चंदे की घोषणा की है। यह चंदा राष्ट्रीय दलों को 2,123 इकाइयों से प्राप्‍त हुआ है। इसमें से भाजपा को 1,194 इकाइयों से 532.27 करोड़ रुपए, जबकि कांग्रेस को 41.90 करोड़ रुपए का चंदा 599 इकाइयों से मिला। 

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कहा है कि 2016-17 के दौरान उसे 20,000 रुपए से अधिक की राशि में कोई चंदा नहीं मिला। पिछले 11 साल से बसपा लगातार इसी तरह की घोषणा करती रही है। एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच (न्यू) द्वारा तैयार रिपोर्ट में बताया गया है कि 2016-17 में राष्ट्रीय दलों को 2015-16 की तुलना में 487.36 करोड़ रुपए का चंदा अधिक मिला है। इससे पिछले वित्त वर्ष में उन्हें 102.02 करोड़ रुपए का चंदा मिला था। 

दिल्ली के शोध संस्थान के अनुसार 2015-16 में भाजपा को जहां 76.85 करोड़ रुपए का चंदा मिला था, वहीं 2016-17 में उसे 532.27 करोड़ का चंदा मिला। राकांपा को 2015-16 में सिर्फ 71 लाख रुपए का चंदा मिला था, जो 2016-17 में बढ़कर 6.34 करोड़ रुपए हो गया। इसी तरह आलोच्य अवधि में एआईटीसी को प्राप्त चंदा राशि में 231 प्रतिशत, माकपा को मिले चंदे में 190 प्रतिशत तथा कांग्रेस को प्राप्त चंदे में 105 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। भाकपा की चंदा राशि इस अवधि में 9 प्रतिशत घट गई। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2016- 17 में राष्ट्रीय दलों की कुल प्राप्ति 1,559.17 करोड़ रुपए रही। इसमें से ज्ञात स्रोतों से उनकी आय सिर्फ 589.38 करोड़ रुपए रही, जो कुल आय का मात्र 37.8 प्रतिशत है। इसी तरह इन दलों की अन्य ज्ञात स्रोतों मसलन संपत्ति की बिक्री, सदस्यता शुल्क, बैंक ब्याज, प्रकाशन की बिक्री और पार्टी शुल्क से आय 258.99 करोड़ रुपए रही, जो कुल आय का 16.61 प्रतिशत है। 

एडीआर के अनुसार इन सात राष्ट्रीय दलों की अज्ञात स्रोतों (आयकर रिटर्न में जिनका ब्योरा है लेकिन स्रोत अज्ञात है) से आय 2016-17 में 710.80 करोड़ रुपए रही, जो उनकी कुल आय का 45.59 प्रतिशत है। वर्ष 2016-17 में भाजपा की अज्ञात स्रोतों से आय 464.94 करोड़ रुपए रही, जबकि कांग्रेस की अज्ञात स्रोतों से आय 126.12 करोड़ रुपए रही। 

अज्ञात स्रोतों में सबसे अधिक राशि भाजपा ने स्वैच्छिक योगदान के रूप में जुटाई। इस मद में पार्टी ने 464.84 करोड़ रुपए जुटाए जो अज्ञात स्रोतों से उसकी आय का 99.98 प्रतिशत बैठता है। वहीं कांग्रेस की अज्ञात स्रोतों से आय में प्रमुख योगदान कूपन बिक्री का रहा। इस मद में पार्टी ने 115.64 करोड़ रुपए जुटाए जो उसकी अज्ञात स्रोतों से आय का 91.69 प्रतिशत बैठता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि राष्ट्रीय दलों को कुल 563.24 करोड़ रुपए के 708 चंदे कॉरपोरेट व्यापारिक क्षेत्र से मिला। यह कुल चंदे का 95.56 प्रतिशत है। वहीं उन्हें 25.07 करोड़ रुपए का चंदा 1,354 व्यक्तिगत चंदा देने वालों से प्राप्त हुआ। एडीआर ने कहा कि भाजपा को कॉरपोरेट-व्यापारिक चंदा 515.43 करोड़ रुपए का मिला। वहीं कांग्रेस को कॉरपोरेट-व्यापारिक इकाइयों से 36.06 करोड़ रुपए का चंदा मिला। 

Latest Business News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Business News in Hindi के लिए क्लिक करें पैसा सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement