Thursday, March 28, 2024
Advertisement

अमित शाह का बड़ा हमला, 'कांग्रेस ने देश में 50 से ज्यादा सरकार गिराई, आज किस मुंह से लोकतंत्र की दुहाई देती है'

अमित शाह ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा, 'कांग्रेस के कई मंत्री और सीएम भी चुनाव हारे हैं। 80 फीसदी सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हुई है। हमने कांग्रेस से 14 राज्य छीन लिए और कांग्रेस हमारी 9 उपचुनाव हार से खुश हो रही है...

IndiaTV Hindi Desk Written by: IndiaTV Hindi Desk
Updated on: May 21, 2018 18:17 IST
amit shah- India TV Hindi
amit shah

नई दिल्ली: कांग्रेस सहित विपक्ष की एकजुटता की पहल को खास तवज्जो नहीं देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि उनकी पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में बड़े बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भी विपक्षी दल अलग अलग राज्यों में भाजपा के खिलाफ लड़े थे और उनकी पार्टी तब भी जीती थी और यही बात 2019 में होगी जब वह उससे भी बड़े बहुमत से जीतेगी। शाह ने कहा, कांग्रेस ने 50 चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराया है और आज कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की बात करती है।

शाह ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कर्नाटक के इस घटनाक्रम के बाद अब कांग्रेस ने अपनी हार को जीत बताने का एक नया तरीका खोज लिया है। मैं उम्मीद करता हूं कि जीत की यह नई परिभाषा 2019 तक जारी रहेगी और विपक्षी पार्टी की जीत की यही व्ख्याख्या रही तो 2019 में भाजपा को कोई परेशानी नहीं होगी।’’ भाजपा के खिलाफ देशभर में विपक्ष की एकजुटता की पहल के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि ममता बनर्जी कर्नाटक में क्या करेंगी, अखिलेश यादव मध्यप्रदेश में क्या करेंगे, राहुल पश्चिम बंगाल में क्या करेंगे?

उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग 2014 (लोकसभा चुनाव) में भी हमारे खिलाफ लड़े थे, तब भी हम जीते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी ये सभी लोग लड़ने जा रहे हैं, हम इससे बड़े बहुमत से जीतेंगे।’’ लोकसभा की कुछ सीटों पर उपचुनाव में भाजपा की हार के संबंध में अमित शाह ने कहा कि 2014 से 2018 के बीच हम 9 लोकसभा सीटें हारे लेकिन हमने 14 राज्यों में जीत दर्ज की। उन्होंने कहा, ‘‘हमने कांग्रेस से 14 राज्य छीने हैं। कांग्रेस को बताना चाहिए कि 14 राज्यों की हार बड़ी होती है या 9 लोकसभा सीटों की हार बड़ी होती है।’’

गोवा और मणिपुर में कांग्रेस के सबसे बड़े दल होने के बावजूद भाजपा के सरकार बनाने के बारे में सवाल पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गोवा और मणिपुर में कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा ही नहीं किया था। जब सबसे बड़ा दल सरकार बनाने का दावा पेश नहीं करता है तब राज्यपाल दूसरे सबसे बड़े दल को मौका देते हैं। इस वजह से राज्यपाल ने इन दोनों जगहों पर दूसरे सबसे बड़े दल को सरकार बनाने के लिए बुलाया।

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय में यह झूठ बोला कि येदियुरप्पा ने राज्यपाल से 7 दिनों का समय मांगा है। कांग्रेस के पास अगर कोई सबूत है तो वह पत्र दिखाए।

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Karnataka Assembly Election 2018 News in Hindi के लिए क्लिक करें इलेक्‍शन सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement