Hindi News भारत राजनीति महाराष्ट्र से राज्यसभा में बढ़ेंगी BJP की इतनी सीटें, विधान परिषद में भी बल्ले-बल्ले!

महाराष्ट्र से राज्यसभा में बढ़ेंगी BJP की इतनी सीटें, विधान परिषद में भी बल्ले-बल्ले!

महाराष्ट्र की राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनावों के बाद राज्य से ऊपरी सदन में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़ने की पूर्ण संभवना है...

Representational Image | PTI- India TV Hindi Representational Image | PTI

मुंबई: महाराष्ट्र की राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनावों के बाद राज्य से ऊपरी सदन में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़ने की पूर्ण संभवना है। गौरतलब है कि 2014 में हुए विधानसभा चुनावों के बाद 288 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़ी है जिसे देखते हुए राज्यसभा सीटें सत्तारूढ़ पार्टी के खाते में आने की पूर्ण संभावना है। राज्य में विधान परिषद् सदस्यों के लिए भी चुनाव होने हैं, उसमें भी बीजेपी के सदस्यों की संख्या में वृद्धि होना लगभग तय है। 

महाराष्ट्र में राज्यसभा की कुल 19 सीटें हैं जिनमें से 6 सीटों पर चुनाव होने हैं। इन 19 सीटों में से NCP और बीजेपी के पास 5-5 सीटें, कांग्रेस के पास 4 सीटें, शिवसेना के पास 3 सीटें, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया और निर्दलीय के पास 1-1 सीटें हैं। जिन सीटों पर चुनाव होने हैं उनमें विपक्षी दलों कांग्रेस और NCP के पास 2-2, जबकि शिवसेना और बीजेपी के पास 1-1 सीटें हैं। विधानसभा में 122 सदस्यों वाली बीजेपी को इस बार प्रदेश से राज्यसभा की 3 सीटें मिलना तय है, जबकि कांग्रेस, NCP और शिवसेना के हिस्से में 1-1 सीटें आएंगी। वहीं 78 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधान परिषद की 21 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव इसी साल के अंत में होने वाले हैं। फिलहाल विधान परिषद में बीजेपी के 18, कांग्रेस के 19 सदस्य हैं जबकि सदन में सबसे बड़ी पार्टी NCP के 23 सदस्य हैं। 

इस वर्ष रिक्त होने वाली 21 सीटों में से 8 NCP के, कांग्रेस और बीजेपी के 4-4, शिवसेना के 2, जबकि पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी और लोक भारती के 1-1 सदस्य हैं। सदन में एक निर्दलीय सदस्य भी है। इन 21 सीटों में से 11 विधायक कोटा की हैं, जिनमें से 2 बीजेपी की हैं, 4 NCP की जबकि 3 कांग्रेस की हैं। मौजूदा स्थिति को देखें तो 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 विधायकों वाली बीजेपी विधान परिषद में 5 सीटें प्राप्त कर सकती है, जबकि कांग्रेस और NCP अपनी 41-41 विधायकों के साथ विधान परिषद में 1-1 सदस्य को जीत दिला सकते हैं।

Latest India News