Friday, April 26, 2024
Advertisement

मिस्र: IS के खिलाफ सैन्य अभियान में 18 उग्रवादियों की मौत

काहिरा: सेना ने इस्लामिक स्टेट की ओर से शुक्रवार को किए गए आतंकी हमले का बदला लेने और उत्तरी और मध्य सिनाई से उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए अभियान शुरू किया। इस अभियान में 18

India TV News Desk India TV News Desk
Published on: October 17, 2016 11:19 IST
demo pic- India TV Hindi
demo pic

काहिरा: सेना ने इस्लामिक स्टेट की ओर से शुक्रवार को किए गए आतंकी हमले का बदला लेने और उत्तरी और मध्य सिनाई से उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए अभियान शुरू किया। इस अभियान में 18 तकफीरी उग्रवादी और आठ पुलिसकर्मियों समेत 11 सुरक्षा अधिकारी मारे जा चुके हैं। शुक्रवार को इस्लामी कट्टरपंथी समूह आईएस के जानलेवा आतंकी हमले में 12 सैन्य कर्मियों की मौत हो गयी थी।

मिस्र के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद समीर ने एक बयान में बताया कि सेना ने एक अभियान में कल 18 तकफीरी उग्रवादियों को मौत के घाट उतार दिया है। यह अभियान उत्तरी और मध्य सिनाई के कई इलाकों में सक्रिय उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए चलाया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अभियान में तीन सैनिकों की मौत हो गयी है, जबकि दो अन्य घायल हो गये हैं। अभियान में वायु सेना ने तकफीरी उग्रवादियों के 16 ठिकाने नष्ट कर दिये, जबकि उत्तरी सिनाई में थल सेना ने उग्रवादियों के अन्य ठिकानों पर गोले दागे।

स्थानीय मीडिया ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से लिखा है कि उत्तरी सिनाई में शेख जायद शहर के अनेक गांवों में सेना द्वारा चलाये गये इस अभियान में तीन अधिकारियों समेत आठ पुलिसकर्मी मारे गये हैं। समीर ने बताया कि हमले में उग्रवादियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले 14 मोटरसाइकिलों समेत कई वाहनों को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा भारी मात्रा में बरामद हथियारों को भी नष्ट कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि उग्रवादी ठिकानों पर किये गये हवाई हमलों के बाद अभियान को बल मिला है। उल्लेखनीय है कि अशांत उत्तरी सिनाई से उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए चलाए गए अब तक के सबसे बड़े और तीन चरणों वाले अभियान मार्टायर्स राइट के तहत यह सेना का दूसरा व्यापक अभियान है।

Latest World News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Around the world News in Hindi के लिए क्लिक करें विदेश सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement