Thursday, April 18, 2024
Advertisement

धोनी की आखिरी कप्तानी पारी भी इंडिया-'ए' को जीत नहीं दिला सकी

भारत के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में आखिरी बार खेल रही भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में तीन विकेट से हार गई।

IANS IANS
Published on: January 10, 2017 22:32 IST
dhoni- India TV Hindi
Image Source : PTI dhoni

मुंबई: भारत के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में आखिरी बार खेल रही भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में तीन विकेट से हार गई। भारत-ए ने ब्रेबोर्न स्टेडियम में हुए इस अभ्यास मैच में धोनी (नाबाद 68) की चिर-परिचित कप्तानी पारी के बल पर 304 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन इंग्लैंड ने सैम बिलिंग्स (93) के बल पर सात गेंद शेष रहते 307 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

इंग्लैंड ने टॉस जीत कर इंडिया-ए को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारत-ए ने अंबाती रायडू (100), धौनी, शिखर धवन (63) और युवराज सिंह (56) की शानदार पारियों की मदद से पांच विकेट के नुकसान पर 304 रन बनाए। धौनी ने वोक्स द्वारा फेंके गए आखिरी ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाते हुए 23 रन जुटाए और टीम को 304 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर प्रदान किया। इंग्लैंड ने सैम बिलिंग्स (93) और जेसन रॉय (62) की बदौलत इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को रॉय और एलेक्स हेल्स (40) ने मजूबत शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। इस स्कोर पर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने हेल्स को पवेलियन पहुंचाया। हेल्स के बाद रॉय और कप्तान इयान मोर्गन (3) भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। अच्छी शुरुआत से मजबूत दिख रही इंग्लैंड ने 17 रनों की भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे। इंग्लैंड का स्कोर 112 रनों पर तीन विकेट था।

यहां से बिलिंग्स ने जोस बटलर (46) के साथ चौथे विकेट के लिए 79 और फिर लियाम डॉसन (41)के साथ छठे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचाया। जीत जब करीब थी तभी 290 के कुल स्कोर पर बिलिंग्स और डॉसन पवेलियन लौट गए। 85 गेंदें खेल आठ चौके मारने वाले बिलिंग्स को हार्दिक पांड्या ने अपना शिकार बनाया जबकि डॉसन कुलदीप का शिकार बने। अंत में वोक्स (नाबाद 11) और आदिल राशिद (नाबाद 6) ने इंग्लैंड को जीत दिलाई। इंडिया-ए की तरफ से कुलदीप ने पांच विकेट लिए। पांड्या और युजवेन्द्र चहल को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। धवन के साथ पारी की शुरुआत करने आए मनदीप सिंह (8) 25 के कुल स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। रायडु ने फिर धवन के साथ टीम को मजबूती प्रदान की और दूसरे विकेट के लिए 111 रन जोड़े। धवन के जाने के बाद रायडु ने युवराज के साथ भी बड़ी साझेदारी की और तीसरे विकेट के लिए 91 रन टीम के खाते में डाले।

227 के कुल स्कोर पर रायडु रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने शतकीय पारी में 97 गेंदों का सामना किया तथा 11 चौके और एक छक्का लगाया। धोनी मैदान पर उतरे लेकिन उनके पुराने जोड़ीदार युवराज कुछ ही देर बार जैक बॉल की गेंद पर राशिद को कैच थमा कर पवेलियन लौट गए। धोनी ने अंत के ओवरों में आक्रामक रुख अख्तियार किया और तेजी से रन बनाए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 40 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाए।

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement