Thursday, April 25, 2024
Advertisement

ICC Champions Trophy Final: फखर की सेंचुरी, पाकिस्तान ने बनाए 338 रन

सलामी बल्लेबाज फखर जमां (114) के पहले अंतर्राष्ट्रीय शतक और मध्य क्रम के बल्लेबाजों के संयुक्त योगदान के चलते पाकिस्तान ने रविवार को ‘द ओवल मैदान’ पर जारी ICC चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में मौजूदा विजेता भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है।

IANS IANS
Published on: June 18, 2017 19:17 IST
Fakhar Zaman | Getty Images- India TV Hindi
Fakhar Zaman | Getty Images

लंदन: सलामी बल्लेबाज फखर जमां (114) के पहले अंतर्राष्ट्रीय शतक और मध्य क्रम के बल्लेबाजों के संयुक्त योगदान के चलते पाकिस्तान ने रविवार को ‘द ओवल मैदान’ पर जारी ICC चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में मौजूदा विजेता भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 338 रन बनाए।

यह पाकिस्तान का भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। साथ ही यह चैम्पियंस ट्रॉफी में ICC के पूर्ण सदस्यता वाले देश के खिलाफ बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। इससे पहले चैम्पियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड ने सितम्बर, 2004 में अमेरिका के खिलाफ 347 रन बनाए थे। ओवल में रिकॉर्ड के लिहाज से भारत के सामने अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य है। इससे पहले चैम्पियंस ट्रॉफी में 8 जून को भारत ने श्रीलंका के सामने 322 रनों का लक्ष्य रखा जिसे उसने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। भारत अगर इस लक्ष्य का हासिल कर लेता है तो यह इस मैदान के लिहाज से सबसे बड़ा लक्ष्य होगा।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी लेकिन उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों की पाकिस्तान की सलामी जोड़ी फखर और अजहर अली (59) ने जमकर धुनाई की। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 23 ओवरों में 128 रन जोड़े। फखर एक छोर से तेजी से रन बना रहे थे तो अजहर थोड़ा धीमा खेल रहे थे। इन दोनों ने ICC आयोजनों में भारत के खिलाफ पहले विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी को अंजाम दिया है। इससे पहले 1996 विश्व कप में आमिर सोहेल और सईद अनवर ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े थे।

भारत का कोई भी गेंदबाज इस जोड़ी को परेशान नहीं कर पाया। यह जोड़ी अपनी गलती से टूटी। 23वें ओवर की आखिरी गेंद पर रन लेने को लेकर दोनों के बीच गलतफहमी हुई और दोनों एक ही छोर पर आ गए। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने गिल्लियां बिखेर दीं और अजहर पवेलियन लौटे। उन्होंने 71 गेंदों में 6 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि अजहर के जाने के फखर पर असर नहीं हुआ उन्होंने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने लगतार बड़े शॉट खेले और रन बटोरते रहे। 31वें की पहली गेंद पर रविचंद्र अश्विन को चौका मार फखर ने अपना पहला शतक पूरा किया जिसके लिए उन्होंने 91 गेंदें ली।

शतक पूरा करने के बाद फखर, हार्दिक पांड्या की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने गए और गेंद ने बल्ले का ऊपरी किनारा लिया और रवींद्र जडेजा ने पीछे भागते हुए अनका शानदार कैच लपका। उन्होंने 106 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और 3 छक्के लगाए। हालांकि इसके बाद बाबर आजम (46) और शोएब मलिक (12) ने टीम के स्कोर बोर्ड को लगतार चलाने का काम किया। खतरनाक दिख रहे आजम को केदार जाधव ने युवराज सिंह के हाथों कैच कराया। मलिक, भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर जाधव के हाथों लपके गए।

अंत में मोहम्मद हफीज 37 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रनों की नाबाद पारी खेल पाकिस्तान को बड़ा स्कोर प्रदान किया। हफीज का साथ इमाद वसीम ने अच्छे से दिया और 21 गेंदों में 25 रन बनाए और पांचवें विकेट के लिए 71 रन जोड़े। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या और केदार जाधव ने एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

Latest Cricket News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Cricket News in Hindi के लिए क्लिक करें खेल सेक्‍शन

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement