Friday, April 26, 2024
Advertisement

प्रधानमंत्री की लखनऊ रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आने वाले दिनों में कई सियासी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो जनवरी को रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली रैली को

IANS IANS
Published on: December 29, 2016 14:41 IST
Narendra modi- India TV Hindi
Narendra modi

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आने वाले दिनों में कई सियासी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो जनवरी को रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के पदाधिकारियों का दावा है कि इस रैली में 12 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली के प्रभारी व भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जिलों और क्षेत्रों के पदाधिकारियों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य सौंपा है। भाजपा ने तय किया है कि हर बूथ से कम से कम 10 लोग रैली में जरूर आएं। सूबे में करीब एक लाख 40 हजार बूथ हैं। मुस्लिम बहुल बूथों को छोड़ दें तो भी एक लाख से अधिक बूथों पर भाजपा की निगाहें टिकी हैं।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि कम से कम 12 लाख लोग रैली में शामिल होंगे। भाजपा ने हर सेक्टर में एक बस लगाने के निर्देश दिए हैं। करीब 15 हजार बसों और छोटे वाहनों से लोगों को आना है। भाजपा से टिकट के दावेदारों को भी लक्ष्य सौंपा गया है। सर्वाधिक मेहनत वही कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर गुरुवार को लखनऊ में रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शाह 12.30 बजे से साढ़े चार बजे तक भाजपा मुख्यालय में रहेंगे। इस दौरान वह रैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वह शाम पांच बजे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दीनदयाल उपाध्याय संपूर्ण वांगमय का लोकार्पण करेंगे। शाम को उनकी वापसी हो जाएगी।

प्रधानमंत्री की दो जनवरी की परिवर्तन महारैली की तैयारी में जुटी भाजपा ने संपर्क साधा और जुलूस निकालकर सफलता का आह्वान किया। जनपथ मार्केट, हजरतगंज, जीपीओ और कैपिटल तिराहा होते हुए भाजपा नेताओं ने जुलूस की शक्ल में आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों से रैली में आने का अनुरोध किया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ल, भाजपा राष्ट्रीय कार्यपरिषद के सदस्य व पूर्व सांसद बृजेश पाठक ने इसकी अगुवाई की।

इधर, प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनजर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दलजीत सिंह चौधरी ने रैली की तैयारियों को लेकर प्रारंभिक समीक्षा कर ली है।

पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ रामकुमार के मुताबिक, रैली की सफलता के लिए पांच पुलिस अधीक्षक, 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 125 उपनिरीक्षक, 60 महिला पुलिस उपनिरीक्षक, 12 यातयात निरीक्षक, 40 उपनिरीक्षक यातायात, 250 आरक्षी यातायात, 20 कंपनी आरएएफ और सीएपीएफ के साथ आठ कंपनी पीएसी आवंटित की गई है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। Politics News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement