Saturday, April 27, 2024
Advertisement

उत्तर भारत ठंड की गिरफ्त में, हरियाणा में एक व्यक्ति की मौत

राष्ट्रीय राजधानी में कल इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम पारा 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम पारा 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम

Bhasha Reported by: Bhasha
Published on: December 16, 2017 9:14 IST
North-India-Cold- India TV Hindi
North-India-Cold

नयी दिल्ली: उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में पारा लुढ़क गया। वहीं हरियाणा में एक व्यक्ति की संदिग्ध तौर पर सर्दी के कारण जान चली गयी। राष्ट्रीय राजधानी में कल इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम पारा 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम पारा 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है।

सुबह के समय कई स्थानों पर घने कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम रही। शहर में आर्द्रता का स्तर 53 से 95 फीसदी के बीच रहा। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और कोहरे के कारण गोरखपुर, फैजाबाद और मुरादाबाद संभागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क था। अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर राज्य में सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में दिन का पारा लुढ़ककर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिस वजह से यह शिमला और पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों से अधिक ठंडा हो गया। अंबाला सिटी में भीषण सर्दी के कारण एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक वह भीखारी था। पुलिस ने बताया कि आज शाम रामबाग शिव मंदिर के सामने उसका शव मिला। पंजाब में भी कड़ी सर्दी रही। अमृतसर में अधिकतम पारा 15.8, लुधियान में 15.1 और पटियाला में 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोहरे के कारण पिछले तीन दिन में चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कुछ उड़ानें विलंबित हुई और कुछ को रद्द करना पड़ा। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से पंजाब और हरियाणा से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियां विलंब से चलीं। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा में हिसार सबसे सर्द रहा। शहर में न्यूनतम तानमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में सर्द हवाएं चलने के कारण राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह शहर राज्य में सबसे अधिक ठंडा रहा।

हिमाचल प्रदेश में मौसम खुश्क होने के बावजूद खासी ठंडक महसूस की गयी। क्षेत्र में बहुत तेज हवाएं चल रही थी और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए थे। भारी बर्फबारी के कारण रोहतांग पास, धुंधी, पात्सेओ, मारी, कोकसार और केलांग क्षेत्र राज्य के अन्य हिस्सों से कट गए हैं।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement