Friday, April 26, 2024
Advertisement

बिहार में बिजली गिरने से 5 की मौत, दिल्ली में आज हो सकती है वर्षा

बिहार के कटिहार जिले में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी जारी है और राजस्थान के चूरू में तो तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Bhasha Bhasha
Published on: May 27, 2017 7:10 IST
lightning- India TV Hindi
lightning

नयी दिल्ली: बिहार के कटिहार जिले में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी जारी है और राजस्थान के चूरू में तो तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

बिहार के कटिहार जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग अलग घटनाओं में आज पांच व्यक्तियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मारे गए व्यक्तियों में तीन किसान हैं। 

क्षेत्राधिकारी सदानंद मंडल ने बताया कि 62 वर्षीय किसान और उसका एक रिश्तेदार लक्ष्मीपुर बंध टोला में मक्के के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की मौत हो गई। 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दिन काफी गर्मी व उमस भरा रहा और इसके साथ ही शहर के कुछ हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली  के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गयी और सुबह में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने कल आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने, बारिश, गरज के साथ छीटें या धूल भरी आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। 

बिहार के उत्तरी भाग के कई स्थानों पर शुक्रवार को हल्की बारिश हुई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। 

पंजाब और हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। हिसार इन दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्वि दर्ज की गई है। चूरू में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया है। 

मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार चूरू, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, कोटा, बाडमेर, बीकानेर में गर्मी और लू के प्रकोप से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। चूरू में अधिकतम तापमान कल के मुकाबले लगभग चार डिग्री सेल्सियस की वृद्वि के साथ 49 डिग्री दर्ज किया गया जो इस साल का सबसे ज्यादा तापमान रहा है। 

उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री, जैसलमेर 47, कोटा 46.4, बाडमेर 46.2, बीकानेर 46.1, पिलानी 45.7, जयपुर 44.3, जोधपुर 43.9, अजमेर 43.7, और डबोक 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है। 

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ अर्से से भीषण गर्मी की मार सहन कर रहे लोगों के लिये आने वाले दो-तीन दिन राहत भरे हो सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में अनेक स्थानों पर मानसून पूर्व बारिश होने के प्रबल आसार हैं। 

मौसम केन्द्र निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो चला है, जिसके परिणामस्वरूप आगामी 28, 29 और 30 मई को प्रदेश में अनेक स्थानों पर मानसून पूर्व बारिश होने का अनुमान है। 

हालांकि पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़े। इस अवधि में बांसगांव और सलेमपुर में दो-दो सेंटीमीटर, देवरिया, खलीलाबाद, बस्ती तथा सुलतानपुर में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गयी। 

पिछले 24 घंटे के दौरान गोरखपुर तथा फैजाबाद मण्डलों में अधिकतम तापमान में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, लखनउ, बरेली, मुरादाबाद तथा मेरठ मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। 

इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में ओडि़शा के एक दो क्षेत्रों में बारिश होने अथवा गरज के साथ छींटें पड़ने का अनुमान है। तेलंगाना में हैदराबाद समेत कई शहरों में भीषण गर्मी जारी है।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement